मध्य प्रदेश पावर ट्रांसमिशन कंपनी (एमपी ट्रांसको) की ट्रांसमिशन लाइन मेंटेनेंस टीम ने भिंड जिले की गोहद तहसील के बिरखाड़ी गांव के समीप ग्वालियर-औरैया (उत्तर प्रदेश) 220 केवी इंटर स्टेट ट्रांसमिशन लाइन में आए मेजर ब्रेकडाउन को सफलतापूर्वक दुरुस्त कर लाइन को पुनः चालू कर दिया। यह लाइन मालनपुर तथा मेहगांव के 220 केवी सबस्टेशनों को विद्युत आपूर्ति उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।

145 किलोमीटर लंबी लाइन में सघन पेट्रोलिंग कर खोजा गया फाल्ट

उत्तर प्रदेश स्थित पीजीसीआईएल के औरैया सबस्टेशन से ग्वालियर तक आने वाली इस 220 केवी इंटर स्टेट ट्रांसमिशन लाइन का रखरखाव एमपी ट्रांसको द्वारा किया जाता है। हाल ही में आई तेज बारिश और तूफान के दौरान बिरखाड़ी गांव के समीप लाइन के दो टावरों के हार्डवेयर क्षतिग्रस्त हो गए थे तथा मिड-स्पान जॉइंट फेल हो गया था। लगभग 145 किलोमीटर लंबी लाइन में खराबी का स्थान चिन्हित करने के लिए टीम ने विस्तृत पेट्रोलिंग अभियान चलाया, जिसके बाद फाल्ट का पता लगाया जा सका।

धान के खेतों और लगातार बारिश के बीच चला मरम्मत कार्य

फाल्ट ऐसे क्षेत्र में मिला जहां धान की फसल खड़ी थी। लगातार वर्षा, तेज हवा और कीचड़ के कारण टावरों तक पहुंचना चुनौतीपूर्ण था। खड़ी फसल के कारण कार्यस्थल तक सामग्री पहुंचाने और तकनीकी दल की आवाजाही में भी कठिनाइयां थीं। इन परिस्थितियों के बावजूद मरम्मत कार्य की योजना बनाकर सुधार अभियान शुरू किया गया।

45 मीटर ऊंचाई पर किए गए तकनीकी सुधार

मुख्य अभियंता (अति उच्च दाब मेंटेनेंस) डी.के. अग्रवाल के मार्गदर्शन में ग्वालियर के प्रभारी अधीक्षण अभियंता अजय शर्मा ने कार्य की निगरानी की। सहायक अभियंता बैद्यनाथ भट्टाचार्य, लाइन मेंटेनेंस कर्मी कमल सिंह तथा अन्य कर्मचारियों ने लगातार 67 घंटे कार्य कर लाइन को बहाल किया।

सुधार कार्य के दौरान दोनों टावरों के क्षतिग्रस्त डिस्क इंसुलेटर बदले गए, ओपीजीडब्ल्यू एवं कंडक्टर को नीचे उतारा गया तथा मिड-स्पान जॉइंट की मरम्मत की गई। ये सभी कार्य लगभग 45 मीटर की ऊंचाई पर प्रतिकूल मौसम के बीच संपन्न किए गए।

मालनपुर और मेहगांव क्षेत्र की आपूर्ति के लिए महत्वपूर्ण है लाइन

ग्वालियर-औरैया 220 केवी इंटर स्टेट ट्रांसमिशन लाइन के दोनों सर्किटों से लगभग 200-200 मेगावाट विद्युत मालनपुर और मेहगांव के 220 केवी सबस्टेशनों को प्राप्त होती है। इन सबस्टेशनों से औद्योगिक, कृषि एवं घरेलू उपभोक्ताओं को विद्युत आपूर्ति उपलब्ध कराई जाती है। लाइन के पुनः चालू होने से संबंधित क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति सामान्य बनी हुई है।

ऊर्जा मंत्री श्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने मरम्मत कार्य में लगे अधिकारियों एवं कर्मचारियों को बधाई देते हुए कहा कि प्रतिकूल परिस्थितियों में लाइन को शीघ्र बहाल करना पारेषण व्यवस्था की निरंतरता बनाए रखने की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि है।