कलेक्टर ने आंगनबाड़ी, स्कूल और निर्माणाधीन सामुदायिक भवन का किया निरीक्षण
मेधावी छात्रों को स्कूटी और हितग्राहियों को स्वरोजगार योजनाओं का लाभ
“मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान” के तहत प्रत्येक सप्ताह जिले में आयोजित किए जा रहे जन-विश्वास शिविरों की कड़ी में शनिवार को जिला स्तरीय शिविर मुरार विकासखंड के ग्राम पंचायत रौरा में आयोजित किया गया। कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान ने शिविर में उपस्थित होकर शासकीय कार्यालयों का निरीक्षण किया। इसके साथ ही आमजनों की समस्याओं को सुनकर उनका निराकरण भी किया। शिविर में शासकीय योजनाओं और कार्यक्रमों के तहत हितग्राहियों को हितलाभ का वितरण भी किया गया।
60 से अधिक किसानों को खसरा-खतौनी में संशोधन कर उसकी नकल भी शिविर में प्रदान की गई। मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के तहत शनिवार को ग्राम पंचायत रौरा में आयोजित शिविर में कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान जिले के अधिकारियों के साथ पहुँचीं और उन्होंने ग्राम पंचायत में निर्माणाधीन सामुदायिक भवन, आंगनबाड़ी केन्द्रों, शासकीय विद्यालय के साथ-साथ पंचायत द्वारा किए जा रहे कार्यों का भी अवलोकन किया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
स्कूल प्रांगण में आयोजित शिविर में 129 ग्रामीणजनों द्वारा आवेदन प्रस्तुत किए गए जिनमें से 98 प्रकरणों का मौके पर ही निराकरण किया गया। शेष प्रकरणों के निराकरण के लिये समय-सीमा निर्धारित कर विभागीय अधिकारियों को निराकरण के निर्देश दिए गए।
मुख्यमंत्री जन-विश्वास शिविर में जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती दुर्गेश कुँवर सिंह जाटव, उपाध्यक्ष श्रीमती प्रियंका सिंह घुरैया, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री सोजान सिंह रावत, अनुविभागीय अधिकारी राजस्व श्री अतुल सिंह सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित थे।
कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान ने शिविर में उपस्थित ग्रामीणों से कहा कि शासन की विभिन्न योजनाओं और कार्यक्रमों के माध्यम से युवाओं, महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने हेतु अनेक प्रकार की सहायता मुहैया कराई जा रही है। हम सबको चाहिए कि हम शासकीय योजनाओं का लाभ उठाकर स्वयं अपने आप को आर्थिक रूप से मजबूत करें और अपने रोजगार के माध्यम से अन्य लोगों को भी रोजगार मुहैया कराएं।
कलेक्टर श्रीमती चौहान ने शिविर में विभागीय अधिकारियों द्वारा लगाए गए अपने-अपने विभाग के काउण्टरों के माध्यम से किए जा रहे निराकरण का भी अवलोकन किया और विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि जो भी आवेदन पत्र प्राप्त हुए हैं उनका तत्परता से निराकरण सुनिश्चित किया जाए।
रौरा ग्राम के 60 किसानों को मिली संशोधित खसरे की नकल
जन-विश्वास शिविर में कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान ने रौरा ग्राम के 60 किसानों को खसरे की संशोधित प्रति प्रदान की। ग्वालियर जिले में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की मंशा अनुरूप कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान के निर्देश पर राजस्व विभाग के अधिकारियों द्वारा विशेष अभियान चलाकर कम्प्यूटराइजेशन के दौरान जिन किसानों के खसरे में नामों में त्रुटि थी, उनमें सुधार करने का कार्य किया गया।
अनुविभागीय अधिकारी राजस्व श्री अतुल सिंह ने स्वयं संज्ञान में लेकर रौरा ग्राम के 60 किसानों का प्रकरण अपने न्यायालय में दर्ज किया और उनके खसरे में जो नामों में त्रुटि थी, उसमें सुधार का कार्य किया। सुधार के उपरांत सभी किसानों को शिविर में ही संशोधित खसरे की प्रति प्रदान की गई। किसानों को बिना किसी परेशानी के घर बैठे ही राजस्व अभिलेखों में नामों में सुधार कर खसरे की प्रति प्राप्त हुई।
लाभान्वित सभी किसानों ने जिला प्रशासन के प्रति धन्यवाद भी ज्ञापित किया है।
मौके पर ही मिला दिव्यांगता का प्रमाण-पत्र
ग्राम रौरा में आयोजित जन-विश्वास शिविर में कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान के समक्ष इस गाँव के ही एक दिव्यांग ने दिव्यांगता प्रमाण-पत्र और ट्राइस्किल के लिये आवेदन किया तो उन्होंने शिविर में उपस्थित दिव्यांगता प्रमाण-पत्र बनाने के लिये गठित बोर्ड के सदस्यों को निर्देशित किया कि तत्काल दिव्यांगजन की जाँच की जाए और निर्धारित प्रक्रिया के माध्यम से उन्हें प्रमाण-पत्र प्रदान किया जाए। मौके पर ही बोर्ड के सदस्यों द्वारा जाँच कर संबंधित को 80 प्रतिशत दिव्यांगता का प्रमाण-पत्र प्रदान किया गया। इसके साथ ही पात्रता अनुसार उन्हें ट्राइस्किल भी शीघ्र प्रदान करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गए।
आंगनबाड़ी केन्द्र और स्कूल में भी पहुँचीं कलेक्टर
मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के तहत ग्राम रौरा में आयोजित शिविर में पहुँचने से पहले कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री सोजान सिंह रावत ने ग्राम पंचायत रौरा में संचालित दोनों आंगनबाड़ी केन्द्रों का निरीक्षण किया। कलेक्टर ने निरीक्षण के दौरान बच्चों को उपलब्ध कराए जा रहे भोजन का भी निरीक्षण किया और स्वयं भोजन को चखकर भी देखा। उन्होंने बच्चों से भी संवाद किया और उन्हें टॉफियां वितरित कीं।
कलेक्टर ने रौरा में ही स्थापित हाईस्कूल का भी निरीक्षण किया। उन्होंने स्कूल में स्मार्ट क्लास में पहुँचकर बच्चों से संवाद स्थापित किया और विभिन्न विषयों के संबंध में जानकारी भी प्राप्त की। उन्होंने निरीक्षण के दौरान स्कूल में शिक्षकों से भी बच्चों की पढ़ाई के संबंध में जानकारी प्राप्त की। निरीक्षण के दौरान उनहोंने क्लासरूम में अतिरिक्त लाइट की व्यवस्था करने के दिशा-निर्देश भी दिए।
सामुदायिक भवन को और बेहतर किया जाए
कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान ने ग्राम रौरा में निर्माणाधीन सामुदायिक भवन का भी निरीक्षण किया। 25 लाख रुपए की लागत से निर्मित सामुदायिक भवन के पास ही पेयजल की उपलब्धता के लिये एक ट्यूबवेल लगाने के निर्देश दिए। इसके साथ ही सामुदायिक भवन के साथ में लगी खुली भूमि पर उद्यान विकसित करने के संबंध में भी निर्देश दिए।
उन्होंने निर्माण एजेंसी के अधिकारियों को निर्देशित किया है कि सामुदायिक भवन में फोल्स सीलिंग, लाइटिंग एवं फ्लोरिंग का कार्य 15 नवम्बर तक पूर्ण किया जाए। उन्होंने सरपंच को भी कहा है कि गा्रम पंचायत में साफ-सफाई और बरसात के पानी के लिये निर्मित की गई नालियों को भी साफ-सुथरा रखने का कार्य सभी के सहयोग से किया जाए।
रामदयाल और बीरू बाई के घर पहुँचीं कलेक्टर
मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के तहत ग्राम पंचायत रौरा में आयोजित शिविर में शामिल होने से पहले प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत अपने आवास में निवास कर रहे रामदयाल और बीरू बाई के निवास पर पहुँचीं कलेक्टर और उनके हालचाल जाने। रामदयाल एवं बीरू बाई ने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत उन्हें आवास मिला है। इस आवास में वे अपना जीवन अच्छे से व्यतीत कर रही हैं।
साथ ही एक छोटी सी दुकान के माध्यम से थोड़ा-बहुत पैसा भी मिल जाता है। प्रधानमंत्री आवास योजना से लाभान्वित होने के साथ-साथ थोड़ा-थोड़ा पैसा जोड़कर पति-पत्नि ने एक कमरा और भी निर्मित कर लिया है जिससे उनको और बेहतर सुविधा मिल रही है।
रामदयाल और बीरू बाई प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी एवं प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के माध्यम से ग्रामीणजनों को प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत जो आवास दिलाने का कार्य किया जा रहा है उसके प्रति धन्यवाद ज्ञापित कर रहे हैं।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के माध्यम से प्रदेश के मेधावी छात्र-छात्राओं को स्कूली प्रदान करने की योजना के तहत ग्राम रौरा के दो मेधावी छात्रों को योजना के माध्यम से नई स्कूटी प्राप्त हुई है। कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान ने दोनों छात्रों से शिविर में मुलाकात की और योजना के तहत मिली नई स्कूटी की बधाई भी दी। उन्होंने अन्य विद्यार्थियों से भी कहा है कि अच्छे से पढ़ाई करें ताकि उन्हें भी शासन की योजनाओं का लाभ से मिल सके।
नुक्कड़ नाटक के माध्यम से दिया ग्रामीणों को संदेश
जन-विश्वास शिविर रौरा में कलाकारों द्वारा नुक्कड़ नाटक के माध्यम से प्रदेश में हुए विकास और शासकीय योजनाओं के माध्यम से जरूरतमंदों को दी जा रही विभिन्न सुविधाओं पर केन्द्रित एक नुक्कड़ नाटक भी प्रस्तुत किया। नुक्कड़ नाटक के माध्यम से शासन की विभिन्न योजनाओं के संबंध में भी जानकारी दी गई। ग्रामीणजनों ने नुक्कड़ नाटक का भरपूर आनंद उठाया।
मुख्यमंत्री जन-विश्वास शिविर रौरा में विभिन्न योजनाओं के माध्यम से अपने जीवन को बेहतर बनाने और अन्य लोगों को भी रोजगार उपलब्ध कराने वाले उद्यमियों द्वारा अपने-अपने अनुभव भी बताए गए। कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान के समक्ष प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम, प्रधानमंत्री उद्यम क्रांति योजना, मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना एवं पीएम विश्वकर्मा योजना के माध्यम से लाभान्वित हितग्राहियों ने अपने-अपने अनुभव भी साझा किए।
हितग्राहियों ने बताया कि किस प्रकार उन्होंने योजनाओं के माध्यम से ऋण प्राप्त कर अपना रोजगार स्थापित किया। उद्यमी संवाद में श्री सतीश सेन ने प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम के तहत सैलून स्थापित कर न केवल स्वयं का रोजगार स्थापित किया बल्कि अन्य तीन लोगों को भी रोजगार प्रदान कर रहे हैं।
सुश्री दीप्ति शर्मा द्वारा प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम के माध्यम से ही साड़ी की दुकान स्थापित कर स्वयं आत्मनिर्भर बनीं और एक अन्य बालिका को रोजगार उपलब्ध करा रही हैं। इसी प्रकार वीरेन्द्र माहौर द्वारा ग्लास वर्क कर स्वयं का रोजगार स्थापित किया है। श्रीमती अनीता नेगी द्वारा प्रधानमंत्री स्वरोजगार योजना के माध्यम से पेपर कप मशीन स्थापित कर स्वयं का रोजगार स्थापित किया और अन्य लोगों को भी रोजगार दिला रही हैं।
प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम के तहत ही श्री देवेन्द्र गुर्जर द्वारा ऋण प्राप्त कर जिम स्थापित की गई है। वे स्वयं अपना स्वास्थ्य ठीक रखते हैं और युवाओं को भी कसरत के माध्यम से बेहतर स्वास्थ्य बनाने के लिये प्रेरित कर रहे हैं। इसी प्रकार श्री त्रिपांशु जैसवाल एवं श्री करन सिंह द्वारा भी अपना स्वयं का रोजगार स्थापित कर अन्य युवाओं को प्रेरित करने का कार्य किया जा रहा है।
कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान ने सभी हितग्राहियों से अपना बेहतर रोजगार करने के साथ-साथ अन्य युवाओं को भी प्रोत्सहित करने का आग्रह किया।


