‘मेरे सपनों का भारत’ में बच्चों ने दिखाई प्रतिभा, चित्रकला में महक और भाषण में साक्षी रहीं प्रथम --
निवाड़ी। सेवा संकल्प अभियान के तहत जिले के 15 संकुल केंद्रों से प्राथमिक से लेकर हायर सेकेंडरी स्तर तक के विद्यार्थियों के लिए आयोजित ‘सेवा चित्र’ कार्यक्रम का जिला स्तरीय आयोजन किया गया। कार्यक्रम में ‘मेरे सपनों का भारत’ थीम पर चित्रकला, भाषण, नुक्कड़ नाटक एवं प्रदर्शनी के माध्यम से विद्यार्थियों ने विकसित भारत की अपनी कल्पनाओं और विचारों को प्रस्तुत किया। विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को प्रमाण-पत्र एवं पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
जिला स्तरीय कार्यक्रम का शुभारंभ सांसद प्रतिनिधि श्री राजेश पटेरिया, श्री अनिल पांडे, कलेक्टर श्रीमती जमुना भिड़े, पुलिस अधीक्षक डॉ. राय सिंह नरवरिया एवं संयुक्त संचालक शिक्षा डीपीआई भोपाल श्री एचएन नेमा ने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सांसद प्रतिनिधि श्री राजेश पटेरिया ने कहा कि वर्ष 2047 का विकसित भारत कैसा हो, इसे लेकर विद्यार्थियों ने प्रतियोगिताओं में अपनी कल्पनाशक्ति और प्रतिभा का बेहतर प्रदर्शन किया है। इस तरह की गतिविधियों में भाग लेने से बच्चों का सर्वांगीण विकास होता है और उनकी प्रतिभा को निखरने का अवसर मिलता है। श्री अनिल पांडे ने विद्यार्थियों को समय प्रबंधन के महत्व और बेहतर तरीके से समय का उपयोग करने की जानकारी दी।
पुलिस अधीक्षक डॉ. राय सिंह नरवरिया ने विद्यार्थियों से कहा कि उन्हें अभी से अपने जीवन का विजन निर्धारित कर लक्ष्य की दिशा में आगे बढ़ना चाहिए। कलेक्टर श्रीमती जमुना भिड़े ने बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि उनके सामने भविष्य के लिए अनेक विकल्प खुले हैं। वे नेता, अधिकारी, शिक्षक अथवा अपनी रुचि के किसी भी क्षेत्र में जाना चाहते हैं तो अभी से अपना लक्ष्य निर्धारित कर उसकी तैयारी शुरू करें। उन्होंने विद्यार्थियों को निरंतर मेहनत करते हुए आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
जिले के सभी 15 संकुल केंद्रों के अंतर्गत आने वाले विद्यालयों में पहले चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। विकासखंड स्तर पर प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों का चयन जिला स्तरीय प्रतियोगिता के लिए किया गया। जिला स्तरीय आयोजन में विद्यार्थियों ने चित्रकला और भाषण के साथ नुक्कड़ नाटक एवं प्रदर्शनी के माध्यम से भी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
चित्रकला प्रतियोगिता में महक नायक ने प्रथम, दिव्यांशी झा ने द्वितीय और तरल अहिरवार ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं भाषण प्रतियोगिता में साक्षी वंश प्रथम, सृष्टि प्रस्तुत द्वितीय और अधिकार रावत तृतीय रहे। नुक्कड़ नाटक में शामिल 51 विद्यार्थियों तथा प्रदर्शनी में शामिल करीब 50 विद्यार्थियों को भी प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया गया।
प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सांसद प्रतिनिधि श्री राजेश पटेरिया, कार्यक्रम संयोजक श्री अनिल पांडे, कलेक्टर श्रीमती जमुना भिड़े, पुलिस अधीक्षक डॉ. राय सिंह नरवरिया, संयुक्त संचालक शिक्षा श्री एचएन नेमा, जिला शिक्षा अधिकारी श्री उन्मेष श्रीवास्तव, श्री अनुराग चतुर्वेदी एवं जिला प्रौढ़ शिक्षा अधिकारी राजेश पटैरिया ने पुरस्कार एवं प्रमाण-पत्र प्रदान किए।
कार्यक्रम के अंत में जिला शिक्षा अधिकारी उन्मेष श्रीवास्तव ने आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का संचालन नोडल अधिकारी श्री अंजनी चतुर्वेदी एवं अनुकृति रावत ने किया।


