ग्राम ईश्वरथूनी निवासी 31 वर्षीय युवा राहुल गुर्जर आज अपने व्यवसाय के माध्यम से न केवल स्वयं आत्मनिर्भर बने हैं, बल्कि अन्य लोगों को भी रोजगार दे रहे हैं। प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम पीएमईजीपी योजना के माध्यम से मिले आर्थिक सहयोग ने उनके छोटे से एमपी ऑनलाइन केंद्र को विस्तार देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।

राहुल गुर्जर पहले भी एमपी ऑनलाइन की दुकान संचालित करते थे, लेकिन दुकान का काम छोटे स्तर पर था और वे अकेले ही पूरा काम संभालते थे। वर्ष 2023 में उद्योग विभाग की प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम (पीएमईजीपी) योजना के अंतर्गत सेंट्रल बैंक के माध्यम से उन्हें 10 लाख रुपये का ऋण प्राप्त हुआ। ऋण पर 25 प्रतिशत सब्सिडी का लाभ भी मिला।

ऋण राशि से राहुल ने अपने व्यवसाय का विस्तार किया। दुकान को नया स्वरूप देने के साथ आधुनिक सुविधाएं एवं उपकरण उपलब्ध कराए। वर्तमान में उनके केंद्र पर तीन कंप्यूटर, एक लैपटॉप और चार प्रिंटर उपलब्ध हैं। व्यवसाय के विस्तार से अब राहुल स्वयं सहित चार लोग रोजगार प्राप्त कर रहे हैं।

राहुल के एमपी ऑनलाइन केंद्र पर ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को अनेक ऑनलाइन एवं लोकसेवा संबंधी सुविधाएं उपलब्ध हो रही हैं। यहां फोटो कॉपी, लेमिनेशन, आधार से राशि निकासी एवं जमा, पैन कार्ड, समग्र आईडी एवं ई-केवाईसी, उद्यम पंजीयन, आय एवं मूल निवासी प्रमाण-पत्र, जाति प्रमाण-पत्र, पासपोर्ट एवं ड्राइविंग लाइसेंस, लोकसेवा संबंधी कार्य, ई-स्टॉम्प, एग्रीमेंट, खाता-खसरा एवं नक्शा नकल, एफएसएसएआई फूड लाइसेंस, आयुष्मान कार्ड, अकाउंटिंग, आईटीआर एवं जीएसटी सहित विभिन्न सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।

इसके साथ ही मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना, गुमास्ता, बिरसा मुंडा एवं टंट्या मामा योजना तथा संत रविदास एवं डॉ. भीमराव अंबेडकर योजनाओं से संबंधित आवेदन भी किए जाते हैं।

राहुल बताते हैं कि पहले उनकी दुकान से प्रतिमाह लगभग 20 हजार रुपये की आय होती थी। व्यवसाय का विस्तार होने के बाद अब वे प्रतिमाह लगभग 70 से 80 हजार रुपये की आय अर्जित कर रहे हैं। इस तरह उनकी आय में लगभग चार गुना वृद्धि हुई है। बढ़ी हुई आय का असर उनके परिवार पर भी दिखाई दे रहा है। अब उनके बच्चे निजी स्कूल में पढ़ रहे हैं और बेहतर शिक्षा प्राप्त कर रहे हैं।

राहुल कहते हैं कि एक समय वे अकेले दुकान पर काम करते थे, लेकिन आज उनके साथ अन्य लोग भी रोजगार प्राप्त कर रहे हैं। वे भविष्य में अपने व्यवसाय को और बड़ा स्वरूप देने तथा एमपी ऑनलाइन केंद्र का विस्तार करने का सपना देखते हैं।

राहुल गुर्जर प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम के माध्यम से मिले ऋण एवं सब्सिडी को अपने जीवन में आए बड़े बदलाव का माध्यम बताते हुए सरकार एवं उद्योग विभाग के प्रति आभार व्यक्त करते हैं। उनका कहना है कि योजना से मिले आर्थिक सहयोग ने उनके छोटे व्यवसाय को विस्तार दिया और उन्हें स्वयं के साथ अन्य लोगों को रोजगार देने का अवसर भी मिला।