कलेक्टर सुश्री ऋजु बाफना ने बताया कि राजस्व प्रकरणों से संबंधित समस्याओं एवं शिकायतों के त्वरित निराकरण के लिए संभागायुक्त कार्यालय, उज्जैन संभाग द्वारा QR कोड आधारित शिकायत दर्ज करने की सुविधा प्रारंभ की गई है। इस सुविधा के माध्यम से आम नागरिक अपने मोबाइल से दिए गए QR कोड को स्कैन कर Google Form के माध्यम से अपनी समस्या अथवा शिकायत की पूरी जानकारी दर्ज कर सकते हैं।

कलेक्टर सुश्री बाफना ने बताया कि नागरिकों को शिकायत दर्ज करने के लिए कार्यालयों में अनावश्यक रूप से जाने की आवश्यकता नहीं होगी। नागरिकगण राजस्व विभाग से संबंधित नामांतरण, बंटवारा, सीमांकन, भूमि संबंधी प्रकरण अथवा अन्य राजस्व मामलों में यदि किसी प्रकार की समस्या या शिकायत है, तो नागरिक QR कोड स्कैन कर अपना नाम, संपर्क विवरण, प्रकरण से संबंधित जानकारी एवं समस्या का विवरण दर्ज कर सकते हैं।

कलेक्टर सुश्री बाफना ने बताया कि प्राप्त शिकायतों एवं समस्याओं को संबंधित स्तर पर संज्ञान में लेकर निराकरण की कार्यवाही सुनिश्चित करने का प्रयास किया जाएगा। इस पहल का उद्देश्य राजस्व सेवाओं को अधिक पारदर्शी, सुगम एवं नागरिक-केंद्रित बनाना तथा आमजन की समस्याओं के निराकरण की प्रक्रिया को सरल बनाना है।