गुना जिला अस्पताल के रेडक्रॉस भवन में गुरुवार को आयोजित रक्तदान शिविर में शाम 5 बजे तक 86 यूनिट रक्त एकत्र हुआ। सेवा संकल्प अभियान के इस शिविर में प्रशासनिक अधिकारी-कर्मचारी, सामाजिक संगठन, जनप्रतिनिधि और आम नागरिक सहभागी बने।
केंद्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया शिविर में पहुंचे और रक्तदाताओं से मुलाकात की। उन्होंने रक्तदान कर रहे प्रतिभागियों का उत्साह बढ़ाया और उनके योगदान के लिए आभार जताया।
सुबह से पहुंचते रहे रक्तदाता
शिविर में सुबह से ही प्रतिभागियों ने रक्तदान किया। आयोजन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस पर चलाए गए सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत किया गया था।
सिंधिया ने कहा कि रक्तदान सामाजिक दायित्व के साथ किसी जरूरतमंद का जीवन बचाने का माध्यम भी है। उन्होंने अधिक लोगों से ऐसे सेवा कार्यों में भाग लेने का आह्वान किया।
जनप्रतिनिधि और अधिकारी रहे मौजूद
शिविर में गुना विधायक पन्नालाल शाक्य, कलेक्टर किशोर कुमार कन्याल, जिला पंचायत अध्यक्ष अरविन्द्र धाकड़, पूर्व मंत्री महेन्द्र सिंह सिसौदिया और जिलाध्यक्ष धर्मेन्द्र सिंह सिकरवार उपस्थित रहे। आयोजन में अन्य जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों ने भी भाग लिया।



