करेली सिविल अस्पताल में सेवा संकल्प अभियान के तहत लगे विशेष स्वास्थ्य शिविर में 353 लोगों ने जांच कराई। शिविर में 8 यूनिट रक्त भी संग्रहित किया गया और मरीजों को विशेषज्ञ चिकित्सकीय परामर्श मिला।

मध्यप्रदेश पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी लिमिटेड, जबलपुर के प्रबंध संचालक अजय गुप्ता और कलेक्टर रजनी सिंह ने अस्पताल पहुंचकर शिविर तथा नियमित स्वास्थ्य सेवाओं की व्यवस्था देखी। उन्होंने मरीजों की संख्या, जांच और उपचार से जुड़ी जानकारी ली।

नेत्र और हड्डी रोग विशेषज्ञों ने दी सेवाएं

शिविर में मरीजों के लिए ऑप्थल्मोलॉजिस्ट और ऑर्थोपेडिक सर्जन की सेवाएं उपलब्ध कराई गईं। मरीजों ने विशेषज्ञों से स्वास्थ्य जांच और परामर्श लिया।

अधिकारियों ने उस दिन की ओपीडी, विभिन्न जांचों और आयुष्मान कार्ड बनाए जाने की स्थिति भी जानी। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मनीष मिश्रा और सीबीएमओ डॉ. विनय ठाकुर ने अस्पताल में चल रही सेवाओं की जानकारी दी।

पोषण पुनर्वास केंद्र में बच्चों के फॉलोअप पर जोर

अस्पताल के पोषण पुनर्वास केंद्र में भर्ती बच्चों की संख्या और स्वास्थ्य स्थिति की समीक्षा की गई। अजय गुप्ता ने कहा कि छुट्टी के बाद भी मैदानी स्वास्थ्य अमले के माध्यम से बच्चों का नियमित फॉलोअप जारी रखा जाए, ताकि पोषण और स्वास्थ्य में आया सुधार बना रहे।

अस्पताल परिसर की साफ-सफाई और मरीजों व परिजनों के लिए उपलब्ध सुविधाएं भी देखी गईं। निरीक्षण में टीबी मरीजों की स्क्रीनिंग, पोषण सहयोग के लिए फूड बास्केट वितरण और नशामुक्ति जागरूकता गतिविधियों की जानकारी भी ली गई।