उज्जैन जिले में गुरुवार को सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित शिविरों में 434 नागरिकों ने स्वेच्छा से रक्तदान किया। ये शिविर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्म दिवस के अवसर पर जिले की विभिन्न स्वास्थ्य संस्थाओं में लगाए गए थे।
स्वास्थ्य विभाग ने आयोजित किए शिविर
स्वैच्छिक रक्तदान शिविरों का आयोजन लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग ने किया। आयोजन कलेक्टर रौशन कुमार सिंह और जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्रेयांस कुमट के मार्गदर्शन में हुआ।
सुरक्षित रक्त के प्रति जागरूकता पर जोर
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अशोक कुमार पटेल के अनुसार स्वैच्छिक रक्तदान से प्राप्त रक्त को अधिक सुरक्षित माना जाता है। अभियान का उद्देश्य स्वस्थ लोगों को नियमित स्वैच्छिक रक्तदाता बनने के लिए प्रोत्साहित करना और सुरक्षित रक्त के बारे में जागरूकता बढ़ाना है।
स्वास्थ्य विभाग ने बताया कि दुर्घटना में घायल लोगों, गंभीर बीमारी से पीड़ित मरीजों और गर्भवती महिलाओं के उपचार में रक्त की जरूरत पड़ती है। प्रसव के दौरान अधिक रक्तस्राव, थैलेसीमिया और अन्य जरूरतमंद मरीजों के लिए भी रक्त तथा उसके घटक महत्वपूर्ण होते हैं।




