छोटे व्यवसायियों और स्ट्रीट वेंडर्स के लिए कारोबार को आगे बढ़ाने में पूंजी की कमी बड़ी चुनौती होती है। ऐसे में प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना छोटे व्यापारियों को चरणबद्ध ऋण सुविधा उपलब्ध कराकर अपने व्यवसाय को विस्तार देने का अवसर प्रदान कर रही है।
योजना के माध्यम से मिलने वाली ऋण सहायता से हितग्राही अपने कारोबार में आवश्यक पूंजी लगा सकते हैं और समय पर ऋण का भुगतान कर अगले चरण में अधिक ऋण प्राप्त कर व्यवसाय को निरंतर आगे बढ़ा सकते हैं। पीएम स्वनिधि योजना से मिले इसी आर्थिक संबल ने सिवनी नगर के महामाया वार्ड निवासी विजय निखारे के कारोबार को नई दिशा दी है। कभी विजय फेरी लगाकर कपड़े बेचकर अपने परिवार का पालन-पोषण करते थे।
मेहनत और लगन के बावजूद कारोबार को विस्तार देने के लिए पर्याप्त पूंजी जुटाना उनके लिए चुनौती था। इसी दौरान उन्हें पीएम स्वनिधि योजना की जानकारी मिली। उन्होंने नगर पालिका पहुंचकर योजना की जानकारी प्राप्त की और ऋण के लिए आवेदन किया।
योजना के प्रथम चरण में विजय निखारे को 10 हजार रुपये का ऋण प्राप्त हुआ। उन्होंने ऋण का समय पर भुगतान किया, जिसके बाद उन्हें द्वितीय चरण में 20 हजार रुपये का ऋण मिला। द्वितीय चरण के ऋण का भी समय पर भुगतान करने के बाद उन्हें योजना के तृतीय चरण में 50 हजार रुपये का ऋण प्राप्त हुआ, जिसका वे नियमित रूप से भुगतान कर रहे हैं।
चरणबद्ध रूप से मिली इस ऋण सहायता ने विजय के कपड़ा व्यवसाय को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। कारोबार में विस्तार होने से उनकी आमदनी में सुधार हुआ और अब वे अपने परिवार का पालन-पोषण बेहतर ढंग से कर पा रहे हैं। फेरी लगाकर कपड़े बेचने से शुरू हुआ उनका सफर अब बढ़ते व्यवसाय और आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ रहा है।
विजय निखारे बताते हैं कि पीएम स्वनिधि योजना ने उनके जैसे छोटे दुकानदारों के लिए कारोबार को आगे बढ़ाने का अवसर उपलब्ध कराया है। वे कहते हैं, “योजना के माध्यम से मिले ऋण से मुझे अपना व्यवसाय बढ़ाने में बहुत मदद मिली है। इससे मैं अपने परिवार का पालन-पोषण अच्छे से कर पा रहा हूं। मुझ जैसे छोटे दुकानदारों को लोन के माध्यम से व्यापार में मदद करने के लिए मैं प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी का सदैव आभारी रहूंगा।”




